CHHATTISGARHnewsraipur

स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री अरुण साव, चाय का लिया स्वाद और महिला विक्रेताओं के साथ किया भोजन

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर | 14 नवंबर 2026

36garhnewsupdate.com राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स द्वारा लगाए गए फूड स्टॉल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने एक स्ट्रीट वेंडर के हाथों बनी चाय का स्वाद लिया और मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली। इसके बाद उन्होंने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।

फूड स्टॉल के अवलोकन के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने पथ विक्रेताओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय की जानकारी ली और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से मिल रहे लाभ के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्टॉल का अवलोकन किया।

लाभार्थियों ने साझा किए अपने अनुभव

स्वनिधि महोत्सव में पीएम स्वनिधि योजना के दो लाभार्थियों ने उप मुख्यमंत्री के सामने अपनी सफलता की कहानी साझा की। धमतरी के दिलीप यादव ने बताया कि उन्होंने योजना के तहत पहले चरण में 10 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया। समय पर किस्तों का भुगतान करने के बाद उन्होंने व्यवसाय बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। वे ठेले पर प्लास्टिक के सामान बेचते हैं। उन्होंने बताया कि योजना से मिले ऋण की मदद से उनका कारोबार आगे बढ़ा और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ।

इसी तरह फिंगेश्वर की सुशीला श्रीवास्तव ने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। उन्होंने पहले चरण में 10 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसकी किस्तें चुकाने के बाद व्यवसाय को विस्तार देने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना से उनके कामकाज और परिवार की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। अब उनका परिवार पहले की तुलना में बेहतर जीवनयापन कर रहा है।

स्वनिधि महोत्सव के माध्यम से पथ विक्रेताओं को उनके व्यवसाय के अनुभव साझा करने और योजना से मिले लाभ बताने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest