10 लाख के चेक बाउंस पर कोर्ट का फैसला 6 माह की जेल 11 लाख रु. लौटाने का आदेश
📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com सारंगढ़ । उधार ले कर चेक देने और फिर चेक बाउंस करा देने का मामला आरोपी को भारी पड़ गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आशीष डहरिया की अदालत ने चेक बाउंस के मामले में आरोपी विश्वनाथ बसंत निवासी रखसा को दोषी ठहराते हुए 6 माह के साधारण कारावास और 11 लाख रु. भुगतान का कड़ा आदेश सुनाया है।परिवादी गनपत जांगड़े नि. मुंडवाभाठा ने कोर्ट को बताया कि – आरोपी विश्वनाथ बसंत ने 23 मार्च 2024 को घरेलू खर्च के लिए उनसे 10 लाख रु. नकद उधार लिए थे। पैसे लौटाने के लिए आरोपी ने 10 जुलाई 2024 को एक्सिस बैंक का 10 लाख रुपये का चेक दिया था। जब परिवादी ने चेक बैंक में लगाया तो 26 सितंबर 2024 को खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया। इसके बाद 18 अक्टूबर 24 को अधिवक्ता के माध्यम से रजिस्टर्ड नोटिस भेजकर 15 दिन में पैसे मांगे गए पर आरोपी ने भुगतान नहीं किया। तब परिवादी ने न्यायालय में परिवाद दायर किया।
सुनवाई के दौरान सबसे बड़ा पेच हस्ताक्षर पर फंसा। चेक पर अपने हस्ताक्षर से आरोपी ने इनकार नहीं किया। इस पर कोर्ट ने माना कि – कानून के अनुसार चेक कर्ज चुकाने के लिए ही दिया गया था। आरोपी ने खुद को झूठा फंसाया बताने की दलील दी, लेकिन अपने बचाव में न कोई गवाह पेश किया और न कोई कागज। आर्थिक क्षमता नहीं होने और नोटिस नहीं मिलने वाला तर्क भी कोर्ट में साबित नहीं हो पाया। कोर्ट ने आरोपी को दोषी मानते 6 माह का साधारण जेल वहीं परिवादी को 3 माह के भीतर 10 लाख रुपये मूल राशि एवं 1 लाख रुपये हर्जाना, क्षतिपूर्ति देने आदेश जारी, परिवादी की ओर से पैरवी अधिवक्ता विजय कुमार तिवारी, दीपक तिवारी, देव प्रसाद कहार राजेश बरेठ,कमल तिवारी ने की। कोर्ट ने साफ कहा है कि – अगर तय समय में 11 लाख रुपये नहीं दिए गए तो आरोपी को अति रिक्त 4 माह की जेल और भुगतनी होगी। फैसले के बाद सजा वारंट जारी कर आरोपी को उपजेल सारंगढ़ भेजे जाने का आदेश दिया गया है।


