नोटिस और 25 हजार रुपये जुर्माने के बाद भी ठेकेदार ने नहीं हटाई सड़क की धूल, निगम सभापति ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर। 15 नवंबर 2026
36garhnewsupdate.com रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में विकास कार्य के दौरान सड़क पर मिट्टी और धूल फैलाने के मामले में रेलवे ठेकेदार आरवि कंस्ट्रक्शन की लापरवाही सामने आई है। नगर निगम जोन क्रमांक 2 की ओर से 7 नवंबर 2026 को जारी नोटिस और 25 हजार रुपये के जुर्माने के बावजूद ठेकेदार ने न तो नोटिस का जवाब दिया और न ही जुर्माने की राशि जमा की। साथ ही सड़क पर फैली धूल और गंदगी को भी नहीं हटाया गया।

ठेकेदार की लापरवाही से आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए रायपुर नगर निगम के सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने निगम जोन क्रमांक 2 की टीम के माध्यम से रेलवे स्टेशन गेट नंबर 2 से रमण मंदिर वार्ड क्रमांक 14 होते हुए फाफाडीह चौक तक सड़क पर फैली धूल हटवाई। इसके बाद दीपावली पर्व के बाद जेटिंग मशीन से पूरे मार्ग की व्यवस्थित धुलाई भी करवाई गई।

इस कार्य में नगर निगम जोन क्रमांक 2 को जनसुविधा के लिए आकस्मिक राशि खर्च करनी पड़ी। इस पर सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने ठेकेदार की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई।
सभापति ने जोन कमिश्नर पी. डी. धृतलहरे को संबंधित ठेकेदार आरवि कंस्ट्रक्शन के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदार के वाहन नगर निगम क्षेत्र की सड़कों पर दिखाई देने पर नियमानुसार उन्हें तत्काल जब्त करने की कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा सभापति ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा को भी मामले का तत्काल संज्ञान लेकर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



