सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ, टेंट उद्योग को मिला नवाचार और व्यापार विस्तार का मंच
📡36garhnewsupdate.com
उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले, टेंट व्यवसाय को उद्योग का दर्जा मिलने से बढ़े रोजगार और नए अवसर…
रायपुर, 31 जुलाई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर के लाभांडी स्थित सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ टेंट ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस एक्सपो में देशभर से टेंट व्यवसायी, निर्माता और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए।

उद्घाटन के बाद अरुण साव ने एक्सपो का अवलोकन कर टेंट एवं डेकोरेशन उद्योग से जुड़े आधुनिक उत्पादों, आकर्षक डिजाइनों और नई तकनीकों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शित नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि टेंट उद्योग आज तेजी से विकसित होकर रोजगार और उद्यमिता का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि टेंट व्यवसाय को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद इस क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। नई थीम, आधुनिक तकनीक और निरंतर हो रहे नवाचारों से व्यवसाय का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कम समय में किसी भी स्थान का स्वरूप पूरी तरह बदल देना टेंट व्यवसायियों की रचनात्मकता और कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण है।

अरुण साव ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेशभर के व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर अनुभवों के आदान-प्रदान, नई तकनीकों की जानकारी और व्यापार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराते हैं। ऐसे आयोजन टेंट उद्योग को नई दिशा देने के साथ प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ टेंट ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ टेंट ऑनर वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए टेंट व्यवसायी उपस्थित रहे।



