CHHATTISGARHnewsraipur

सुरों और रागों से सजी ‘स्वरम्’ की संगीतमय संध्या, शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर | 15 नवंबर 2026

रायपुर के विमतारा ऑडिटोरियम में श्रीया चक्रवर्ती की संगीतमय प्रस्तुति ‘स्वरम्’ का भव्य आयोजन किया गया। दो सत्रों में आयोजित इस संगीतमय संध्या में शास्त्रीय संगीत की मधुरता से लेकर ऊर्जावान गीतों तक की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में रागों पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं दूसरे सत्र में हाई एनर्जी सॉन्ग्स की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत की विविध विधाओं का खूबसूरत संगम देखने को मिला।

इस संगीतमय प्रस्तुति में श्रीया चक्रवर्ती के साथ उनके गुरु एवं गायक समीर भट्टाचार्य ने भी गायन किया। गुरु-शिष्या की इस शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

‘स्वरम्’ की इस विशेष संध्या में संगीत एवं साहित्य जगत से जुड़ी शहर की कई जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं। इनमें पद्मश्री मदन चौहान, राजीव श्रीवास्तव, डॉ. संजय अलंग, साहित्य सृजन संस्थान के अध्यक्ष वीर अजित शर्मा, राजकुमार मसंद, दीपक हटवार तथा डॉ. मनीष श्रीवास्तव प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का सम्मान चक्रवर्ती पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष एवं श्रीया चक्रवर्ती के पिता देवब्रत चक्रवर्ती द्वारा किया गया। वहीं श्रीया की माता रूनाली चक्रवर्ती ने विभिन्न रागों की विस्तार से जानकारी देकर श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की विशेषताओं से परिचित कराया। उनकी बड़ी बहन केया चक्रवर्ती ने शानदार मंच संचालन कर कार्यक्रम को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और श्रोताओं ने श्रीया चक्रवर्ती की गायन प्रतिभा, संगीत की प्रस्तुति और आयोजन की सराहना की। सुरों, रागों और साहित्य के सुंदर संगम से सजी ‘स्वरम्’ की यह संगीतमय संध्या उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest