खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव से हॉकी इंडिया प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात
36garhnewsupdate.com

छत्तीसगढ़ में नए हॉकी प्रशिक्षण केंद्रों के विस्तार पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
नई दिल्ली/रायपुर, छत्तीसगढ़। 10 जून 2026

छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में हॉकी खेल के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकी इंडिया के सह-सचिव फ़िरोज़ अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के अंतर्गत खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव से सौजन्य मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष मनोज भोरे एवं लालरिनफेला, कार्यकारिणी सदस्य अरुण सारस्वत तथा जूनियर भारतीय हॉकी टीम के कोच एवं पूर्व ओलंपियन रजनीश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और मिजोरम में खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने खेलो इंडिया के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की सराहना करते हुए इनके दायरे और प्रभाव को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं और अवसरों का लाभ मिल सके।
✒️ छत्तीसगढ़ में नए हॉकी सेंटर स्थापित करने की मांग…
प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ में हॉकी खेल की बढ़ती लोकप्रियता और उभरती प्रतिभाओं को देखते हुए नए हॉकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। विशेष रूप से सरगुजा, कबीरधाम, कोरबा जैसे आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तथा दुर्ग में अतिरिक्त हॉकी सेंटर शुरू करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होने से खिलाड़ियों को अपने जिले में ही गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, आधुनिक खेल अधोसंरचना और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिल सकेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को बेहतर मंच प्राप्त होगा।
✒️ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही छत्तीसगढ़ की पहचान…
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। यदि खेलो इंडिया की गतिविधियों का विस्तार किया जाता है और हॉकी के लिए अतिरिक्त प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाते हैं, तो राज्य से और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।
✒️ सकारात्मक आश्वासन…
खेलो इंडिया के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना तथा खेल विकास से संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर कार्य किया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा युवाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।



