श्रवण दिव्यांग बालिका ने संभाग स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया कोंडागांव का गौरव
📡36garhnewsupdate.com
रायपुर/कोंडागांव, 17 जुलाई।
विपरीत परिस्थितियाँ यदि मजबूत इरादों के सामने आ जाएँ, तो सफलता की राह स्वयं बन जाती है। इसका जीवंत उदाहरण कोंडागांव स्थित छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद के बालिकागृह की श्रवण दिव्यांग बालिका शिवबती हैं, जिन्होंने संघर्ष, मेहनत और प्रतिभा के दम पर संभाग स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
शिवबती का जीवन बचपन से ही कठिन चुनौतियों से घिरा रहा। बीमारी के कारण कम उम्र में माँ का निधन हो गया, जबकि कुछ समय बाद नक्सली हिंसा में पिता की भी मृत्यु हो गई। माता-पिता के निधन के बाद उनके चाचा ने उन्हें कोंडागांव के बालिकागृह में प्रवेश दिलाया, जहाँ उन्हें सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिला।

बालिकागृह में तीरंदाजी के प्रति उनकी रुचि को देखते हुए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के प्रशिक्षकों द्वारा उन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बहतराई (बिलासपुर) में हुआ, जहाँ एक वर्ष तक उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर उन्होंने अपनी तकनीकी क्षमता और आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बाल कोष निधि के माध्यम से बालिकागृह की बालिकाओं के लिए इंडियन एवं रिकर्व तीरंदाजी उपकरण भी उपलब्ध कराए। समय पर मिले संसाधनों, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और शिवबती की निरंतर मेहनत का परिणाम रहा कि उन्होंने जगदलपुर में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित किया।

शिवबती की उपलब्धि यह संदेश देती है कि यदि बच्चों, विशेषकर दिव्यांग बेटियों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, उचित मार्गदर्शन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ, तो वे हर चुनौती को पार कर नई ऊँचाइयों तक पहुँच सकते हैं।
कोंडागांव जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद तथा बालिकागृह परिवार ने शिवबती की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए राज्य स्तरीय शालेय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि शिवबती भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी।


