CHHATTISGARHnewsरायपुर

रायपुर में लूट का मुख्य आरोपी कनवर बाग गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त मोबाइल जब्त

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 31 जुलाई 2026

रायपुर पुलिस ने गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का मुख्य आरोपी कनवर बाग को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, अजीत नाडार की शिकायत पर गुढ़ियारी थाना अंतर्गत रामनगर चौकी में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 30 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे उनका पुत्र दुकान की ओर गया था। गोपालनगर पहुंचने पर मोहल्ले के कनवर बाग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके पास मौजूद नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर गुढ़ियारी थाना में अपराध क्रमांक 311/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडेय, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा एवं रामनगर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने पीड़ित एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी कनवर बाग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest