पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय WRS कॉलोनी में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, 900 विद्यार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 2 अगस्त 2026।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात पुलिस द्वारा विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, WRS कॉलोनी में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 900 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात व्यवहार, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसीपी ट्रैफिक सतीश कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क संकेतों तथा सुरक्षित आवागमन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन का संचालन न करें। साथ ही भविष्य में वाहन चलाने योग्य आयु प्राप्त होने पर हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।

यातायात पुलिस ने बताया कि डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम तथा जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
यातायात पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि नाबालिग वाहन चालकों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित अभिभावकों की काउंसलिंग कर उन्हें अपने बच्चों को वाहन न सौंपने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार चंद्राकर, उप प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



