प्रोजेक्ट धड़कन के तहत 1,386 बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच, एक संदिग्ध प्रकरण चिन्हित
📡36garhnewsupdate.com
अब तक जिले में 1 लाख 81 हजार से अधिक बच्चों की हो चुकी स्क्रीनिंग
रायपुर, 28 जुलाई 2026
बच्चों में जन्मजात हृदय रोगों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट धड़कन” के तहत जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल में बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की जा रही है।

जिला प्रशासन एवं श्री सत्य साई हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित शिविरों में अभनपुर, आरंग, धरसींवा, तिल्दा और शहरी क्षेत्र की विभिन्न शासकीय शालाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 1,386 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान एक बच्चे में संदिग्ध हृदय रोग का प्रकरण चिन्हित किया गया।
शिविरों में अभनपुर टीम-ए द्वारा नयापारा में 123, टीम-बी द्वारा धोंधरा में 119, आरंग टीम-ए द्वारा पिरदा एवं कुलीपोटा में 90, आरंग टीम-सी द्वारा सदर रोड में 111, धरसींवा टीम-ए द्वारा मलौद में 107, टीम-बी द्वारा डोमा में 130, तिल्दा टीम-ए द्वारा मादाडीह में 75, अर्बन टीम-ए द्वारा चूना भट्टी एवं केंद्रीय क्रमांक-1 में 137, अर्बन टीम-बी द्वारा सोनडोंगरी में 189, अर्बन टीम-सी द्वारा आदर्शनगर में 95 तथा अर्बन टीम-डी द्वारा सरोरा में 210 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई।

अब तक 1.81 लाख से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग
प्रोजेक्ट धड़कन के अंतर्गत अब तक जिले में 1 लाख 81 हजार 406 बच्चों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें 14 बच्चों को मेडिकल उपचार एवं प्रबंधन उपलब्ध कराया गया है, जबकि 18 बच्चों का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन कराया जा चुका है।
जिला प्रशासन का कहना है कि प्रोजेक्ट का उद्देश्य बच्चों में हृदय संबंधी जन्मजात बीमारियों की समय रहते पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें स्वस्थ एवं बेहतर जीवन का अवसर मिल सके।



