महिला पत्रकारों का सम्मान, ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन – महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

रायपुर, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर प्रेस क्लब में ‘वो मन उत्सव 2026’ के तहत मीडिया महिला शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला पत्रकार शामिल हुईं। कार्यक्रम में ‘कलमकार नारी’ थीम के तहत महिला पत्रकारों के लिए प्रेरक और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाकर सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, जनता कांग्रेस जोगी की नेत्री रेणु जोगी, एएसपी अर्चना झा तथा पार्षद अंजुमन ढेबर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने महिला पत्रकारों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती से सामने लाने का कार्य कर रही हैं और ऐसे आयोजन महिलाओं को प्रेरणा देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। वहीं फूलो देवी नेताम ने कहा कि मीडिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता को मजबूत बनाती है।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और पत्रकारिता में उनका योगदान शहर और समाज के विकास की दिशा तय करने में अहम है। जनता कांग्रेस जोगी की नेत्री रेणु जोगी ने महिला पत्रकारों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। एएसपी अर्चना झा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की साझा जिम्मेदारी है और मीडिया इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘खेल मड़ई’ के अंतर्गत महिला पत्रकारों के बीच आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता टीमों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने महिला पत्रकारों के लिए बनाए गए नवनिर्मित ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन भी किया और इसे बेहतर कार्य वातावरण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी, डांस प्रतियोगिता और टैलेंट कॉन्टेस्ट जैसे आयोजन भी किए गए। डीजे की धुन पर महिला पत्रकारों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माहौल उत्सवमय रहा।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में ज्योति ठाकुर, सोनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, आकांक्षा शर्मा, विनीत मंडल, रेखा, वर्षा यादव और मोनिका को पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रेस क्लब द्वारा क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और महिला पत्रकार उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने के साथ समाज में महिला सशक्तिकरण और सम्मान का सकारात्मक संदेश दिया।


