ब्रेकिंग न्यूज 🚨
खरोरा में नाबालिग चाकूबाज़ गैंग का आतंक, होली विवाद में युवक की हत्या


रिपोर्टर: रोहित वर्मा |
खरोरा क्षेत्र में नाबालिगों की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों से लोगों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, कुछ नाबालिग ऑनलाइन चाकू मंगाकर गैंग बनाकर घूम रहे हैं और नशे के प्रभाव में हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध नशे के कारोबारी अपने धंधे को बढ़ाने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल कर रहे हैं। नाइट्रो टेन और अन्य नशीली गोलियां बाजार में आसानी से मिल रही हैं, जबकि अवैध शराब का कारोबार भी नगर और आसपास के गांवों में तेजी से फैल रहा है।
इसी बीच खरोरा से लगे ग्राम मांठ में होली के दौरान एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर में होम थिएटर पर बज रहे गाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी पक्ष के दो नाबालिगों और उनकी मां हीरा बाई ने मोहित धीवर (पिता कुबेर धीवर), देवा वर्मा और लक्ष्मीनारायण पर बटन चाकू और हंसिए से हमला कर दिया।
हमले में मोहित धीवर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का खरोरा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


