रायपुर में 17 किलो गांजा तस्करी करते दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 9.27 लाख का माल जब्त

रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 से 17.949 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।
पुलिस के मुताबिक 12 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि दो युवक संदिग्ध बैग के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने आरपीएफ के साथ मिलकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राघवेन्द्र सिंह (22 वर्ष), निवासी कानपुर देहात और झम्मन सिंह (38 वर्ष), निवासी अलीगढ़ बताया। पुलिस ने उनके कब्जे से 17 किलो 949 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9.27 लाख रुपये आंकी गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20बी में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं ।


