आईडीबीआई बैंक में फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी गिरफ्तार, दो को भेजा गया जेल

रायपुर, 27 मार्च 2026।
आईडीबीआई बैंक से जुड़े फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई थाना धरसींवा क्षेत्र में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नरेंद्र कुमार वर्मा की शिकायत पर आरोपी राजा खुंटें के खिलाफ 5 मार्च 2026 को धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस को फर्जी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने के प्रमाण मिले, जिसके आधार पर मामले में धारा 467, 468 और 471 भी जोड़ी गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने एफडी पेपर, बैंक काउंटर रसीद, म्यूचुअल बॉन्ड पेपर सहित अन्य दस्तावेज जब्त कर उनकी जांच कराई। आईडीबीआई बैंक शाखा चरोदा से प्राप्त रिपोर्ट में दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 27 मार्च को पुलिस ने आरोपी तोप सिंह वर्मा (49 वर्ष), निवासी कुम्ही जिला बेमेतरा एवं वर्तमान में धरसींवा स्थित वर्मा प्रिंटर्स एंड कंप्यूटर के संचालक, तथा बलराम साहू (25 वर्ष), निवासी धरसींवा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


