रायपुर

राजीव भवन में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता: संगठन विस्तार तेज, सरकार पर गंभीर आरोप


रायपुर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन विस्तार और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर “संगठन सृजन वर्ष” घोषित किया है और प्रदेश में भी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम तेजी से जारी है।
बैज ने बताया कि जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर अध्यक्षों का चयन पूरा हो चुका है, वहीं 31 मार्च तक सभी जिलों में कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं बस्तर, दंतेवाड़ा, महासमुंद, रायगढ़, जशपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और कोरबा सहित कई जिलों का दौरा कर चुके हैं, जहां कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
“भाजपा ने छत्तीसगढ़ को एटीएम बना लिया”
प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता छत्तीसगढ़ को “एटीएम” की तरह उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने आबकारी विभाग के 300 करोड़ रुपये के टेंडर में अनियमितता का आरोप लगाया और कहा कि एक ही मालिक की दो कंपनियों को नियमों के विरुद्ध लाभ दिया गया। उन्होंने इस मामले में ईडी, ईओडब्ल्यू और सीबीआई से जांच की मांग की।
अफीम की अवैध खेती को लेकर सरकार पर निशाना
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अफीम की अवैध खेती सत्ता के संरक्षण में हो रही है। उन्होंने दुर्ग, बलरामपुर, रायगढ़ और नगरी-सिहावा जैसे क्षेत्रों में सामने आए मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि बिना राजनीतिक संरक्षण के इतनी बड़े पैमाने पर यह संभव नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि गिरदावरी रिपोर्ट में अन्य फसल दर्ज होने के बावजूद अफीम की खेती कैसे नजरअंदाज हुई।
गैस संकट और केवाईसी पर सरकार घिरी
कांग्रेस अध्यक्ष ने घरेलू गैस की किल्लत को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम जनता और गृहणियां गैस के लिए परेशान हैं और केवाईसी के नाम पर गैस वितरण रोका जा रहा है। एजेंसियों के सामने लंबी कतारें लग रही हैं और कालाबाजारी के चलते सिलेंडर ऊंचे दामों पर बिक रहा है। उन्होंने इसे “डबल इंजन सरकार” की विफलता बताया।
पत्रकार वार्ता में सुशील आनंद शुक्ला, अमितेश शुक्ल, धनेन्द्र साहू सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest