रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, जांच जारी

विवेक श्रीवास/ब्यूरो चीफ कोरबा
कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत उरांव बस्ती के पास गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों ने युवक को पहले ट्रैक किनारे आराम करते हुए समझा, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के नाक से झाग निकल रहा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक पिछले कुछ दिनों से आसपास क्षेत्र में घूमते देखा गया था।
पुलिस को आशंका है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है और उसकी मौत भूख या अन्य कारणों से हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा रेलवे का अंतिम स्टेशन होने के कारण यहां अक्सर बाहर से आए मानसिक रूप से अस्वस्थ लोग पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि युवक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।


