जाल और आइस बॉक्स से जय मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की मछली बिक्री को मिला सहारा
📡36garhnewsupdate.com


कोरबा, 4 अक्टूबर 2026
जिले के विकासखंड कोरबा के ग्राम तिलकेजा, तहसील भैसमा की जय मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की महिलाएं मछली पालन के जरिए अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं। समूह को मत्स्य पालन विभाग की सहायता से मछली पकड़ने के लिए जाल और मछलियों को सुरक्षित रखने के लिए आइस बॉक्स उपलब्ध कराया गया है। इससे मछली पालन और बिक्री के काम में महिलाओं को काफी सुविधा मिली है।
समूह की महिलाओं ने पंचायत स्तरीय शिविर में मत्स्य पालन विभाग को सहायता के लिए आवेदन दिया था। महिलाओं ने बताया कि पहले उनके परिवारों की आजीविका मुख्य रूप से खेती-किसानी और दैनिक मजदूरी पर निर्भर थी। तालाब लीज पर लेकर मछली पालन शुरू करने की इच्छा थी, लेकिन जरूरी संसाधनों के अभाव में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
मछली पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित रखने और बाजार तक पहुंचाने में भी परेशानी होती थी। आइस बॉक्स की सुविधा नहीं होने के कारण मछलियों को लंबे समय तक ताजा रखना मुश्किल था, जिसका सीधा असर बिक्री पर पड़ता था।
मत्स्य पालन विभाग से जाल और आइस बॉक्स मिलने के बाद समूह की महिलाओं के लिए मछलियों को पकड़ना, सुरक्षित रखना और बाजार तक पहुंचाना आसान हुआ है। इससे मछली पालन एवं बिक्री के माध्यम से समूह की महिलाओं को नियमित आमदनी प्राप्त होने लगी है।
महिलाओं ने बताया कि बढ़ी हुई आय से बच्चों की शिक्षा, घरेलू जरूरतों और परिवार के अन्य खर्चों को पूरा करने में मदद मिल रही है। समूह की मेहनत और विभागीय सहयोग से परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी पहले की तुलना में सुधार आया है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बन रही है।


