सर्वमंगला मंदिर में सप्तमी पर उमड़ी आस्था, मां कालरात्रि के दर्शन को लगी लंबी कतारें

विवेक श्रीवास/ब्यूरो चीफ कोरबा
कोरबा। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मां सर्वमंगला मंदिर में मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
हसदेव नदी के तट पर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। मां सर्वमंगला का विशेष श्रृंगार किया गया, जहां देवी को आकर्षक पोशाक और भव्य आभूषणों से सजाया गया। दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में तेल और घी के ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिनकी दिव्य रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। दर्शन के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं, बैरिकेडिंग की गई और पुलिस बल तैनात रहा, जिससे व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही।
नवरात्रि के दौरान सर्वमंगला मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजन होते हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।



