कोरबा

कोरबा में हंगामा: दो महिला पंचों के लापता होने से अविश्वास प्रस्ताव टला


विवेक श्रीवास/ब्यूरो चीफ कोरबा

कोरबा। जिले के करू महुआ गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब सरपंच के खिलाफ प्रस्तावित अविश्वास मत से पहले दो महिला पंचों के लापता होने की घटना सामने आई। इस घटनाक्रम के चलते गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पंचायत की कार्यवाही प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी। इससे पहले ही एक महिला पंच अपने पति और बच्चे के साथ लापता हो गई थी। परिजनों ने इस मामले में सरपंच पर अपहरण का आरोप लगाया था। वहीं बुधवार को एक और महिला पंच के लापता होने की खबर से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ने पंचों के अनुरोध पर अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा को स्थगित कर दिया और फिलहाल प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद गांव में सियासी माहौल गरमा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लापता महिला पंचों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest