कोरबा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बड़ा हादसा, युवक की मौत

विवेक श्रीवास/ब्यूरो चीफ कोरबा
कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी से भरे ट्रेलर को खाली करते समय उसका हाइड्रोलिक जैक अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 25 वर्षीय समन्स उर्फ निराले की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक युवक पास ही खड़े ट्रेलर की स्टेपनी बदलवा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। समन्स मूल रूप से बिहार का निवासी था और कोरबा में काम कर रहा था। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मजदूरों ने आरोप लगाया कि यह दुर्घटना लापरवाही का नतीजा है, क्योंकि साइट इंचार्ज मौके पर मौजूद नहीं था और ट्रेलर को बिना पर्याप्त निगरानी के खाली किया जा रहा था।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, वहीं उनके रिश्तेदार बिहार से कोरबा के लिए रवाना हो चुके हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
मृतक के रिश्तेदार मोहम्मद कैसर ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर युवक की मौत हो चुकी थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए लापरवाही की आशंका जताई।
मौके पर मौजूद गार्ड इंचार्ज हरिद्वार सिंह ने बताया कि गिट्टी खाली करते समय यह दुर्घटना हुई, जिसकी सूचना उन्होंने स्वयं पुलिस को दी। वहीं कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


