रायपुर

बिलाईगढ़ की जर्जर सड़कों का मुद्दा विधानसभा में गूंजा: विधायक कविता प्राण लहरे ने उठाई जनता की आवाज, उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मांगा जवाब



रायपुर/बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों से हो रही भारी परेशानियों को लेकर क्षेत्र की विधायक  कविता प्राण लहरे ने एक बार फिर विधानसभा में जोरदार तरीके से मुद्दा उठाया। विधायक ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री  अरुण साव का ध्यान गिधौरी–शिवरीनारायण मार्ग, गिरौदपुरी–बया रोड सहित क्षेत्र की अन्य खराब सड़कों की ओर आकर्षित करते हुए सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा।

विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि गिधौरी–शिवरीनारायण मार्ग क्षेत्र की अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क है, जो रायपुर, सारंगढ़ और शिवरीनारायण–बिलासपुर जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ती है। लेकिन लंबे समय से इस सड़क की स्थिति अत्यंत खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई डामर, धूल और कीचड़ के कारण आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं और लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्र की जनता पहले भी आंदोलन और चक्काजाम कर चुकी है। उस समय विधायक स्वयं जनता के साथ सड़क पर बैठकर उनकी मांगों का समर्थन करती नजर आई थीं। आंदोलन के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने 45 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। इससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और आम जनता में निराशा बढ़ रही है।

विधायक कविता प्राण लहरे ने विधानसभा में सरकार से पूछा कि गिधौरी–शिवरीनारायण मार्ग और गिरौदपुरी–बया रोड के निर्माण या मरम्मत कार्य में आखिर इतनी देरी क्यों हो रही है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि निर्माण कार्य कब शुरू होगा और दिए गए आश्वासन के बावजूद काम शुरू न होने पर किस अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई है। साथ ही उन्होंने बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की अन्य जर्जर सड़कों के सुधार के लिए सरकार से समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने की मांग की।

ध्यानाकर्षण के जवाब में विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि गिधौरी–शिवरीनारायण मार्ग के कुछ हिस्सों का डामर नवीनीकरण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और वह अभी पी.जी. अवधि में है। वहीं बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए लगभग 300 मीटर हिस्से की अस्थायी मरम्मत कर उसे यातायात योग्य बनाया गया है तथा उसके सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।

इसी तरह गिरौदपुरी–बया मार्ग की कुल लंबाई 37.80 किलोमीटर है, जिसमें से गिरौदपुरी से महाराजी तक का हिस्सा ठीक स्थिति में बताया गया है, जबकि महाराजी से बया तक 32.80 किलोमीटर सड़क को वर्ष 2025-26 के बजट में नए कार्य के रूप में शामिल किया गया है और उसकी प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। वहीं भिनोदा–गगोरी मार्ग के निर्माण के लिए 736.25 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है तथा निविदा प्रक्रिया जारी है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विधायक कविता प्राण लहरे लगातार विधानसभा से लेकर सड़क तक जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही हैं। उन्होंने जर्जर सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाकर सरकार और विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है। लोगों को उम्मीद है कि विधायक की इस पहल से जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा और क्षेत्र की जनता को खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest