तिल्दा-नेवरा में फिर सड़क हादसा: 23 वर्षीय युवक की मौत, व्यवस्था पर उठे सवाल

तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में सिमगा–तिल्दा मार्ग पर सासाहोली के पास हुए हादसे में 23 वर्षीय युवक सतीश बांधे की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रोज की तरह अपने काम पर जा रहा था, तभी मार्ग की अव्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने ब्रेकर, किनारे रखे पत्थर, संकरी जगह और भारी वाहनों का लगातार दबाव दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसी तरह स्टेशन चौक क्षेत्र भी लंबे समय से अव्यवस्था का शिकार है। अतिक्रमण, बेतरतीब दुकानें और यातायात का दबाव यहां रोज दुर्घटना का खतरा बढ़ा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद हालात में खास सुधार नहीं हो पाया है।
क्षेत्र में लंबे समय से बायपास मार्ग की मांग भी उठती रही है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन द्वारा समय-समय पर आश्वासन तो दिए जाते हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं दिखाई दी है।
लगातार हो रहे हादसों के बीच अब लोगों की मांग है कि सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और बायपास निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके


