CHHATTISGARHतिल्दा नेवरा

तिल्दा नेवरा में ट्रक चालकों से लूटपाट और कंपनी कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार

36garhnewsupdate.com

 

सौरभ यादव/ 36 गढ़ न्यूज़ अपडेट

तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने ट्रक चालकों से लूटपाट, मारपीट और संभव स्टील एंड ट्यूब लिमिटेड की कैंटीन में तोड़फोड़ करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 लीटर डीजल, 12 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त एक कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की है। जप्त वाहनों की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को आरोपी कार और मोटरसाइकिल में सवार होकर सरोरा स्थित संभव स्टील कंपनी परिसर में घुसे और कैंटीन कर्मचारियों से मारपीट करते हुए तोड़फोड़ की। मुख्य आरोपी जयमोहन शर्मा उर्फ लक्की शर्मा ने कथित रूप से कैंटीन संचालन के एवज में अवैध वसूली और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की थी। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई।

इसी रात आरोपियों ने निर्माणाधीन पुलिया के पास दो ट्रकों को रोककर चालकों से मारपीट की, ट्रकों के शीशे तोड़े और डीजल व नगदी लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिल्दा नेवरा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest