CHHATTISGARHKORBAnews

घने जंगल के बीच अब पक्के मकान में सुरक्षित और सुकून से रह रही हैं शांति बाई

28 नवंबर 2026।📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com कोरबा,  पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ ग्राम कटमोरगा की निवासी शांति बाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना से बड़ा बदलाव आया है। कभी कच्चे मकान में बारिश के दौरान परेशानियों और जंगली जानवरों के भय के बीच जीवन बिताने वाली शांति बाई अब पक्के मकान में सुरक्षित महसूस करती हैं।

कटमोरगा गांव घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में पहले कच्चे मकान में रहने के दौरान उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सताती थी। बारिश के दिनों में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद उनकी ये परेशानियां काफी हद तक कम हुई हैं। अब वह अपने घर में निश्चिंत होकर सुकून की नींद सो पाती हैं।

महतारी वंदन योजना से मिल रहा आर्थिक संबल

शांति बाई को छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना का भी नियमित लाभ मिल रहा है। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि से वह अपनी छोटी-बड़ी घरेलू जरूरतें पूरी करती हैं। वृद्धावस्था में मिलने वाली यह आर्थिक सहायता उनके दैनिक जीवन में सहारा बनी हुई है।

जंगल और खेती-किसानी से चला रही हैं आजीविका

उम्र के इस पड़ाव में भी शांति बाई मेहनत और आत्मनिर्भरता के साथ अपना जीवन जी रही हैं। वह जंगलों से लघु वनोपज का संग्रहण कर उसे बेचती हैं। इसके अलावा तेंदूपत्ता संग्रहण से भी उन्हें अतिरिक्त आमदनी होती है। जंगल उनके लिए आजीविका का एक महत्वपूर्ण साधन है।

शांति बाई लगभग तीन से चार एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती भी करती हैं। उनकी खेती मुख्य रूप से बारिश के पानी पर निर्भर है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि दिए जाने के निर्णय को किसानों के लिए लाभकारी बताया।

शासकीय योजनाओं से जीवन में आया बदलाव

शांति बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने और महतारी वंदन योजना से नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनके जीवन की कई परेशानियां दूर हुई हैं और अब वह पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित और निश्चिंत महसूस करती हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest