CHHATTISGARHnewsकोरबा

बाल विवाह रोकने के लिए 27 नवंबर को जिलेभर में होंगी विशेष ग्राम सभाएं, कलेक्टर ने की जागरूकता की अपील

25 नवंबर 2026📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com कोरबा, बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

कलेक्टर ने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। इससे बच्चों के अधिकार प्रभावित होते हैं और उनका भविष्य भी संकट में पड़ सकता है।

उन्होंने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 नवंबर 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर दुदावत ने समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों से इन कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग बाल विवाह नहीं करने और इसके विरोध में दृढ़ता से खड़े होने की शपथ लें।

उन्होंने जिलेवासियों से बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest