कोरबा में सट्टा-पट्टी लिखकर जुआ खिलाने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार, नगदी और सट्टा सामग्री जब्त
25 नवंबर 2026📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com कोरबा, जिले में अवैध सट्टा-जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1,350 रुपये नगद के साथ सट्टा-पट्टी लिखने में इस्तेमाल की जाने वाली डायरी, रजिस्टर, कॉपियां, पेन और मोबाइल में सट्टे से संबंधित स्क्रीनशॉट सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध सट्टा-जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 नवंबर को पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान मिली मुखबिर सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टा खिलाते हुए सात लोगों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में चिंटू केवट (21 वर्ष), सुजल चौहान (20 वर्ष), मेवालाल चौहान (38 वर्ष), भानु यादव (21 वर्ष), घासीदास (56 वर्ष), पप्पू सिंह (55 वर्ष) और भंवर सिंह केवट (58 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा-जुआ सहित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


