सेवा संवाद यात्रा में विधायक अनुज शर्मा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, करोड़ों के विकास कार्यों की दी सौगात
27 नवंबर 2026📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा के छठवें दिन देवरी, तिवरैया, कपसदा, रैता, कुथरैल, मेहरसखा, मनोहरा और कुकेरा में जनसंपर्क एवं जनचौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
देवरी में ग्रामीणों की मांग पर बस स्टॉपेज शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रमिकों के बकाया वेतन के भुगतान के लिए उद्योग प्रबंधन से चर्चा की गई। वहीं 22 करोड़ रुपये के गौरव पथ की स्वीकृति पर ग्रामीणों को बधाई दी।
तिवरैया में सीसी रोड निर्माण की घोषणा के साथ राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण साहू का सम्मान किया गया। कपसदा में प्रदूषण की शिकायत पर फॉर्च्यून कंपनी के मैनेजर को फटकार लगाते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार और नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सीएसआर मद से 50 लाख रुपये के सामुदायिक भवन की घोषणा की गई।
विधायक ने रैता में 10 लाख रुपये की सीसी रोड तथा मनोहरा-निनवा मार्ग के लिए 1.5 करोड़ रुपये की सड़क निर्माण की सौगात दी। यात्रा के दौरान उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों, श्रमिकों और ग्रामीणों से संवाद किया। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश भी दिए।
यात्रा के अंतिम पड़ाव कुकेरा में विधायक ने ग्रामीणों के बीच रात्रि विश्राम किया। बूथ अध्यक्षों और शक्तिकेंद्र प्रभारियों के साथ संगठनात्मक चर्चा की तथा भजन संध्या में शामिल हुए।
इस दौरान यात्रा प्रभारी अरविंद ठाकुर, सहप्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


