CHHATTISGARHKORBAnews

जनदर्शन की शिकायत पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, ढाबे से 40 पाव देशी शराब जब्त

26 नवंबर 2026📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com कोरबा,  कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी के जनदर्शन में मिली शिकायत पर आबकारी विभाग ने कुसमुण्डा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक होटल-ढाबा संचालक के कब्जे से 40 पाव देशी शराब जब्त की है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बबली होटल/ढाबा के संचालक पदुमदास के कब्जे से 7.2 लीटर देशी प्लेन मदिरा जब्त की गई। उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई 26 नवंबर को सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोज कुमार राठौर के निर्देश तथा वृत्त प्रभारी जया मेहर के नेतृत्व में की गई।

आबकारी विभाग के अनुसार, नवंबर माह में अब तक जिले में अवैध शराब के खिलाफ 134 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 37.70 लीटर देशी मदिरा, 4.72 लीटर विदेशी मदिरा, 310.90 लीटर महुआ मदिरा और 755 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य 1 लाख 19 हजार 748 रुपये बताया गया है। वहीं, गैरजमानती अपराधों में 21 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

सहायक आयुक्त आबकारी रविशंकर यादव ने बताया कि अवैध शराब से संबंधित शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी आबकारी उपनिरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध मदिरा बिक्री और लोगों को शराब पिलाने वालों के खिलाफ सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest