सेवा संवाद यात्रा में विधायक अनुज शर्मा ने दी विकास कार्यों की सौगात, प्रदेश टॉपर की उच्च शिक्षा का खर्च उठाने की घोषणा
25 नवंबर 2026📡36garhnewsupdate.com

36garhnewsupdate.com धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की सेवा संवाद यात्रा के चौथे दिन ग्राम निमोरा, धनेली, सांकरा और सिलतरा में जनसंपर्क, विकास कार्यों की घोषणाओं और जनसमस्याओं के निराकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों से घर-घर जाकर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं विद्यार्थियों के साथ युवा संवाद में उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि धरसींवा विधानसभा क्षेत्र का कोई विद्यार्थी 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में टॉप करता है, तो उसकी आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च वे स्वयं उठाएंगे।
यात्रा के दौरान विधायक ने विभिन्न गांवों में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। ग्राम निमोरा में शौचालय और स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण का भूमिपूजन किया गया। गांव में लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या को देखते हुए नए बिजली सब-स्टेशन की स्थापना के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही बाजार चौक में हाई मास्ट लाइट लगाने की घोषणा की गई। राशन वितरण से जुड़ी समस्या का भी तत्काल निराकरण कराया गया।
ग्राम धनेली में स्कूल परिसर में नवनिर्मित बालिका शौचालय का लोकार्पण किया गया। स्कूल के मंच पर शेड निर्माण की घोषणा के साथ जलभराव और नाली की समस्या दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं ग्राम सांकरा में खेल मैदान के समतलीकरण और बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा की गई।
मितानिन बहनों का किया सम्मान
मितानिन दिवस के अवसर पर ग्राम निमोरा में विधायक अनुज शर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली मितानिन बहनों का सम्मान किया। इस दौरान कन्हेरा की मितानिन पल्मा लहरे और निर्मला डहरे सहित अन्य मितानिनों को शाल, श्रीफल और सम्मान पत्र भेंट किए गए। विधायक ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और कठिन परिस्थितियों में भी लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य करती हैं।
युवा संवाद में विद्यार्थियों के लिए की महत्वपूर्ण घोषणा
ग्राम सांकरा में स्कूली विद्यार्थियों के साथ आयोजित युवा संवाद में विधायक ने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्कूल की लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें भेंट करने और विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण कराने की घोषणा की। साथ ही स्कूल में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत करने की बात कही। उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र का कोई विद्यार्थी 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करता है, तो उसकी आगे की पूरी उच्च शिक्षा का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे।
जनचौपाल में सुनी समस्याएं, स्कूलों और आंगनबाड़ियों का किया निरीक्षण
विधायक ने गांवों में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और बिजली, नाली, राशन सहित अन्य समस्याओं को सुना। मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
यात्रा के चौथे दिन का समापन ग्राम सिलतरा में हुआ। यहां विधायक ने ग्रामीणों के साथ रात्रि भोजन और विश्राम किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। इसके बाद वे गांव में आयोजित भजन संध्या में भी शामिल हुए।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


