रायपुर में सेवा ज्योति यात्रा, 38 स्थानों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 07 अक्टूबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी इसी रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हाथों में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष का सेवाकाल जनसेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। इसके लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है। राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के माध्यम से प्रदेश के विकास की दिशा तय कर रही है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल पर प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं और नागरिकों से सेवा ज्योति यात्रा में सहभागिता का आह्वान किया।


