CHHATTISGARHतिल्दा नेवरा

*नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर रायपुर में भाजपा की आक्रोश रैली,

 

सौरभ यादव/ 36गढ़ न्यूज़ अपडेट

तिल्दा नेवरा :- नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रदेश की राजधानी रायपुर में आज भाजपा महिला मोर्चा द्वारा विशाल आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रदेशभर से हजारों महिलाओं ने भाग लिया और अपने विचार व आक्रोश व्यक्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन शहर के प्रमुख स्थल बड़ा तालाब इंदौर स्टेडियम में किया गया। यहां विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने एकजुट होकर अधिनियम को लेकर आवाज बुलंद की। रैली के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार से महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

तिल्दा अंचल की नारी शक्ति भी बड़ी संख्या में इस रैली में सम्मिलित हुई। तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद व महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद रानी सौरभ जैन के नेतृत्व में तिल्दा से सैकड़ों महिलाएं रायपुर पहुंचीं और रैली में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद ने कहा, “नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इस पर सभी को गंभीरता से विचार करना होगा। भाजपा हमेशा महिला सशक्तिकरण के साथ खड़ी है। कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को असली ताकत दी है।”

तिल्दा महिला मोर्चा अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने संबोधित करते हुए कहा, “महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण के बिना समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर आज पूरे प्रदेश की महिलाएं एकजुट हुई हैं। तिल्दा की बहनें भी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने यहां आई हैं। हम अपने सम्मान और हक की लड़ाई लगातार लड़ते रहेंगे।”

वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की एकता और जागरूकता ही समाज को नई दिशा देगी। रैली में शामिल महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि वे अपने अधिकारों और सम्मान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेंगी।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, जिसमें महिलाओं की एकता और जागरूकता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest