ऑपरेशन निश्चय: गांजा तस्करी के फरार आरोपी को तिल्दा-नेवरा पुलिस ने किया गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 27 अगस्त 2026
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “निश्चय” के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जागेश्वर पारधी, निवासी ग्राम जलसों को पकड़ा था। उसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये थी, बरामद किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पूछताछ में जागेश्वर पारधी ने गांजे के क्रय-विक्रय और परिवहन में अपने जीजा पन्नालाल पारधी के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पन्नालाल के खिलाफ भी अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
घटना के बाद से आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। इसी बीच 27 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि पन्नालाल पारधी ग्राम जलसों में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साले जागेश्वर पारधी के साथ मिलकर गांजा बेचने और उसका परिवहन करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पन्नालाल पारधी, पिता बारेलाल पारधी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम जलसों, थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
मामले में अपराध क्रमांक 182/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



