स्कूली ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चे मिलने पर 3 चालकों पर कार्रवाई
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 07 अक्टूबर 2026
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यातायात थाना फाफाडीह पुलिस ने क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जा रहे 3 स्कूली ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान तीन ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाते पाया गया। इस पर मोटरयान अधिनियम की धारा 179 एवं 125/177 के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्राइवर सीट के अगल-बगल किसी भी बच्चे को न बैठाया जाए। साथ ही निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील
यातायात पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में निर्धारित क्षमता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर इसकी सूचना यातायात पुलिस को दें।


