CHHATTISGARHnewsraipur

सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 06 अक्टूबर 2026

सरकारी नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर लोगों से पैसे लेकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा कर लोगों को झांसे में लेते थे। इनमें से एक आरोपी ने खुद को गृहमंत्री का निजी सहायक बताकर भी लोगों से पैसे लिए।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी बोस्टो तांडी ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी आदित्य मोहन पंडा और संतराम यादव ने शासकीय नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे 70 हजार रुपये लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगाई। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अब तक करीब 15 लोगों से नौकरी लगाने और ट्रांसफर कराने के नाम पर लगभग 25 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। पुलिस मामले में आरोपियों से आगे भी पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने मामले में आदित्य मोहन पंडा (23) और संतराम यादव (38) को गिरफ्तार किया है। दोनों रायपुर के निवासी बताए गए हैं।

आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में धारा 318(2), 319(2), 336(3), 340 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित पीड़ितों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest