एमजी रोड चौपाटी पर अवैध पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस का सख्त अभियान
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 06 अक्टूबर 2026
शहर के व्यस्त एमजी रोड स्थित रात्रि चौपाटी में अव्यवस्थित और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष अभियान शुरू किया है। सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग के कारण स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और आम नागरिकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) अर्चना झा के निर्देश पर यातायात पुलिस ने मार्ग को जाम-मुक्त रखने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान के तहत नो-पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहनों को क्रेन से हटाया जा रहा है, जबकि चारपहिया वाहनों पर व्हील लॉक लगाया जा रहा है।
कार्रवाई से पहले यातायात पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर और माइक के माध्यम से वाहन चालकों को वाहन हटाने की चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद वाहन नहीं हटाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान और वाहन जप्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़ा करने की अपील
यातायात पुलिस ने चौपाटी आने वाले नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। सड़क पर अवैध या बेतरतीब पार्किंग से बचें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


