CHHATTISGARHnewsraipur

सेवा सेतु शिविर से रायपुर दक्षिण विधानसभा के 6,331 हितग्राही लाभान्वित

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 06 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इस दौरान 6,331 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए, जबकि 180 हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ और स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज वितरित किए गए।

शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं, जिससे समय की बचत के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने जोन क्रमांक 4, 5 और 6 के अंतर्गत आने वाले 17 वार्डों के नागरिकों के लिए लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक को उसकी पात्रता के अनुसार शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए और कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे।

प्रधानमंत्री आवास और राशन कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 279 हितग्राही लाभान्वित हुए। इनमें 15 हितग्राहियों को मौके पर भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र दिए गए। राशन कार्ड योजना के तहत 36 हितग्राहियों को लाभ मिला, जिनमें 15 को शिविर में राशन कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा नल कनेक्शन, पेंशन, विवाह पंजीयन और ट्रेड अनुज्ञप्ति सहित नगर निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ भी नागरिकों को मिला।

प्रमाण पत्र और आपदा राहत का लाभ

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से 943 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र, 71 को जाति प्रमाण पत्र और 146 को निवास प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बाढ़ आपदा राहत के तहत 292 हितग्राही लाभान्वित हुए। शिविर में 40 आय प्रमाण पत्र, 20 जाति प्रमाण पत्र, 20 निवास प्रमाण पत्र और 60 हितग्राहियों को बाढ़ आपदा राहत के चेक वितरित किए गए।

श्रमिक परिवारों को भी मिला योजनाओं का लाभ

श्रम विभाग की योजनाओं के तहत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना से 1,153 हितग्राही, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से 328, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना से 236 और मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना से 195 हितग्राही लाभान्वित हुए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता, मिनीमाता महतारी जतन, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना सहित अन्य श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को मिला।

स्वास्थ्य जांच के साथ शिशुओं का अन्नप्राशन

महिला एवं बाल विकास विभाग की नोनी सुरक्षा योजना के तहत 84 हितग्राही लाभान्वित हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस यात्रा पास तथा पात्र आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest