
कोरबा। शहर में अवैध रूप से संचालित कबाड़ कारोबारियों के ठिकानों पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। इस कार्रवाई से कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया। नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
बुधवार को रामनगर इलाके में तनवीर कबाड़ी के ठिकाने पर भी प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए ढांचे को हटाया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई कर अतिक्रमण को साफ कराया गया।
इसके अलावा कोरकोमा क्षेत्र में संचालित एक अन्य अवैध कबाड़ यार्ड पर भी नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम के डिप्टी कलेक्टर नीरज कौशिक ने बताया कि शहर में बिना अनुमति संचालित कबाड़ यार्डों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। राताखार, रामनगर और कोरकोमा क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई है, जहां पहले ही संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था।
वहीं कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नगर निगम द्वारा पुलिस बल की मांग किए जाने पर मौके पर 30 से 40 जवानों की तैनाती की गई। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।

