बेमेतरा

चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ: माँ महामाया धाम बुचीपुर में वैदिक विधि से प्रज्वलित हुए मनोकामना ज्योति कलश



बेमेतरा। हिंदू नववर्ष के शुभारंभ के साथ ही पावन चैत्र नवरात्रि पर्व की शुरुआत श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में हो गई है। इस पवित्र अवसर पर बेमेतरा जिले के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल श्री सिद्ध शक्ति पीठ माँ महामाया धाम, बुचीपुर में ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं की मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए।
मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पहले ही दिन हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर माँ महामाया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है।
इस वर्ष चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान कुल 1970 ज्योति कलश प्रज्वलित किए जा रहे हैं, जिनमें तेल ज्योति 1827 एवं घृत ज्योति 143 शामिल हैं। यह आयोजन श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक है।
महामाया समिति एवं क्षेत्रवासियों द्वारा प्रतिदिन माता की सेवा में जस गीतों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान प्रसादी एवं भंडारे की उत्कृष्ट व्यवस्था भी की गई है।
मंदिर प्रांगण में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ राम कथा का भव्य आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें कथा वाचन परम पूज्य श्री कागजी महाराज (राजापुर, चित्रकूट, उत्तर प्रदेश) द्वारा किया जा रहा है। उनके मधुर वाणी में श्रीराम कथा का रसपान कर श्रद्धालु आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री ओंकार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रामनवमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जो सामाजिक समरसता और सेवा भाव का प्रेरणादायक उदाहरण होगा।
चैत्र नवरात्रि के इस पावन अवसर पर माँ महामाया धाम बुचीपुर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जहां हर श्रद्धालु माँ के चरणों में अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest