नम: सामूहिक विवाह: पं. धीरेंद्र शास्त्री के सानिध्य में 108 दिव्यांग व निर्धन कन्याओं का होगा विवाह

01 अप्रैल को ढपढप (बांकीमोंगरा) में होगा भव्य आयोजन
कोरबा। माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर दुरपा, कोरबा में वर्ष 2024 में आयोजित नम: सामूहिक विवाह की सफलता के बाद इस वर्ष इस आयोजन को और भी भव्य रूप दिया जा रहा है। आगामी 01 अप्रैल 2026 को ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में विश्व प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर धाम) के सानिध्य में अपना आश्रम सेवा समिति के तत्वावधान में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा।
इस पुनीत अवसर पर 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याएं विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगी। आयोजन समिति के अनुसार अब तक 108 कन्याओं का पंजीयन हो चुका है और पंजीयन प्रक्रिया अभी भी जारी है, जिससे संख्या बढ़ने की संभावना है।
नम: सामूहिक विवाह के प्रभारी एवं माँ सर्वमंगला देवी मंदिर के प्रबंधक/व्यवस्थापक ने बताया कि 108 कन्याओं को नए जीवन में प्रवेश कराने का अवसर मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय कृपा से इस वर्ष यह पावन आयोजन ग्राम ढपढप (बांकीमोंगरा) में आयोजित किया जा रहा है।
इस भव्य आयोजन में नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए पंडित धीरेंद्र शास्त्री सहित कई प्रतिष्ठित संत, विद्वान आचार्य और प्रदेश के कई जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक हस्तियां भी शामिल होंगी।
गौरतलब है कि अपना आश्रम सेवा समिति द्वारा ग्राम ढपढप में 27 मार्च से 01 अप्रैल तक श्री हनुमंत कथा का भी दिव्य आयोजन किया जा रहा है। छह दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में बागेश्वर धाम से पंडित धीरेंद्र शास्त्री कथा वाचन करेंगे। इसी कार्यक्रम के अंतिम दिन 01 अप्रैल को नम: सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन संपन्न होगा, जिसमें 108 दिव्यांग व निर्धन कन्याएं अपने पसंदीदा जीवनसाथियों के साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगी।


