Blog

केंद्रीय बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे सशक्त कदम – विधायक दीपेश साहू




बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक, दूरदर्शी और सर्वसमावेशी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रस्तुत यह बजट ‘सुधार एक्सप्रेस’ को नई गति देगा, जिसका सीधा लाभ किसान, महिलाएं, युवा, छात्र और उद्यमियों को मिलेगा। इस बजट से छत्तीसगढ़ सहित बेमेतरा जिला भी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होगा।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि यह बजट भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे सशक्त कदम है। बजट में समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए चार मजबूत स्तंभों पर विकास की रूपरेखा तैयार की गई है।

अन्नदाता को संबल – आधुनिक खेती और पशुपालन से बढ़ेगी आय

विधायक साहू ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए किए गए बड़े प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने में निर्णायक साबित होंगे। दालों, तिलहनों और बागवानी के लिए शुरू किए गए विशेष मिशन से धान के साथ वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा मिलेगा। पशुपालन और डेयरी विकास के लिए बुनियादी ढांचे में वृद्धि से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

नारी शक्ति का सम्मान – शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता

उन्होंने बजट में हर जिले के उच्च शिक्षण संस्थानों में महिला छात्रावास निर्माण की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बेटियों को शिक्षा के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिलेगा। ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार और महिला उद्यमियों को दी गई रियायतें महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर हैं।

युवाओं को अवसर – कौशल विकास और नए रोजगार

विधायक साहू ने कहा कि यह बजट पूरी तरह से ‘युवा शक्ति’ को समर्पित है। 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में एवीजीसी प्रयोगशालाओं की स्थापना से युवाओं को कोडिंग और डिजिटल क्रिएशन जैसे आधुनिक कौशल प्राप्त होंगे। ‘युवा नेतृत्व संवाद 2026’ और इंटर्नशिप कार्यक्रम युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ेगा।

उद्यमियों को उड़ान – एमएसएमई के लिए नई ऊर्जा

उन्होंने एमएसएमई सेक्टर के लिए 10,000 करोड़ रुपये की ‘एसएमई विकास निधि’ को छोटे व्यापारियों के लिए संजीवनी बताया। ‘कॉर्पोरेट मित्र’ व्यवस्था से कागजी जटिलताएं कम होंगी और स्थानीय उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जिससे छत्तीसगढ़ और बेमेतरा एक मजबूत व्यापारिक केंद्र के रूप में उभरेंगे।

अंत में विधायक दीपेश साहू ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को साकार करते हुए भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest