मिरौनी बैराज में हुड़दंग पर सख्ती : DJ बजाया तो होगा जब्त, शराब और अश्लीलता पर पुलिस की नजर

36gadrnewsupdet सारंगढ़ । मिरौनी बैराज जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है, पिछले कुछ समय से अराजकता का अड्डा बनता जा रहा था। पिकनिक के नाम पर होने वाले हुड़दंग और बढ़ते अपराधों को देखते हुए अब कोसीर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अब यहाँ मनोरंजन के नाम पर कानून तोड़ने वालों की जगह बैराज पर नहीं, बल्कि थाने के भीतर होगी।
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। आधिकारिक सूचना के अनुसार, अब तक इस स्थल पर 1 हत्या की वारदात हो चुकी है। 2 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है, जो लापरवाही का नतीजा थी। साथ ही 1 हत्या का प्रयास व अनगिनत मारपीट व बलवे के मामले दर्ज किए गए हैं इन घटनाओं ने शांत रहने वाले इस पर्यटन स्थल को खौफनाक बना दिया था, जिसके बाद कोसीर थाना पुलिस ने आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प के तहत मोर्चा संभाल लिया है। अक्सर देखा जाता है कि – पिकनिक मनाने आने वाले युवक बड़े-बड़े साउंड सिस्टम और DJ लेकर पहुँचते हैं, जिससे न केवल ध्वनि प्रदूषण होता है, बल्कि विवाद की स्थिति भी निर्मित होती है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि – अब बैराज क्षेत्र में DJ पूरी तरह प्रति बंधित है। यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो पुलिस बिना किसी देरी के DJ सिस्टम को जब्त कर विधिक कार्रवाई करेगी ।
बैराज के आसपास शराब पीना और सार्वजनिक मर्यादाओं का उल्लंघन करना अब भारी पड़ेगा। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम अब सादे कपड़ों में भी तैनात रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने और पानी के पास जाने वालों को सीधे हिरासत में लिया जाएगा। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे मर्यादा में रहकर पिकनिक का आनंद लें। कोसीर थाना प्रभारी बंजारे ने बताया कि बैराज आने वाले परिवारों और बच्चों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथ. है । उन्होंने पर्यटकों के लिए कुछ विशेष निर्देश जारी किए हैं जैसे – गहरे पानी में न नहाएं, बैराज के खतरनाक बहाव और गहराई से दूर रहें। छोटे बच्चों को पानी के किनारों से दूर रखें और उन पर विशेष ध्यान दें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
थानाप्रभारी सुनीता बंजारे ने कहा कि – लोग मिरौनी बैराज की सुंदरता का आनंद लें, लेकिन अनुशासन के साथ। पर्यटक बनकर आएं, अपराधी बनकर नहीं। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ हम बेहद सख्त हैं।”


