BILASPURBlogCHHATTISGARHnews

नीट यूजी-2026 परीक्षा की तैयारियों की कलेक्टर-एसएसपी ने की समीक्षा

36garhnewsupdate.com

मानसून को देखते हुए विशेष इंतजाम के निर्देश, 21 जून को 19 केंद्रों पर होगी परीक्षा

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 10 जून 2026

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष एवं सुरक्षित संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में परीक्षा केंद्राध्यक्षों, सिटी कोऑर्डिनेटरों तथा संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, पवित्रता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर एनटीए के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले में परीक्षा के लिए 19 शैक्षणिक संस्थानों को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। बैठक में केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की गई।

✒️ मानसून को देखते हुए विशेष व्यवस्था

संभावित मानसूनी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ शेड (अस्थायी आश्रय स्थल) तैयार करने के निर्देश दिए। प्रवेश द्वारों और केंद्र परिसरों के बाहर भी वर्षा से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम किसी भी परीक्षार्थी की परीक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। इसके लिए सभी केंद्रों पर जल निकासी व्यवस्था, वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

✒️ सुरक्षा और निगरानी पर विशेष जोर

बैठक में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम की स्थापना, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की सक्रियता, परीक्षा केंद्रों की पूर्व जांच, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीटों की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर एवं एसएसपी ने सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए।

✒️ परीक्षार्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त पंखों की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार कक्ष एवं एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध रहेगी। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक विशेष सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। परीक्षा दिवस पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था की जाएगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नीट यूजी-2026 परीक्षा के सफल, सुरक्षित एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएंगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest