“कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन: भाजपा महासचिव अरुण सिंह का आरोप”

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी का मानसिक दिवालियापन देखने को मिला है। कांग्रेस पार्टी के नेता अभद्र भाषा का लगातार उपयोग कर रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री को बार-बार मंचों से गाली देना, वोट चोर के नाम से नारे लगाना, कीड़ा मकोड़ा कहना यह घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनसभा में राहुल गांधी के उकसाने पर मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी के बारे में गंदी-गंदी गालियां देना कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन की निम्नस्तरीय सोच को बताता है। यह बहुत ही निंदनीय और भर्त्सना के योग्य है।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जिनको दुनिया के 25 देशों ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार के मिलने से भारत का मान सम्मान बढ़ा है। 140 करोड़ देशवासियों का मस्तक ऊंचा हुआ है, देश का गौरव बढ़ा है और देश में प्रधानमंत्री को कांग्रेस के लोग लगातार गाली देने का काम कर रहे हैं। संसद का सत्र जब चल रहा था तब भी देखा गया कि विपक्षी दल सदन में हंगामा कर रहे थे, बार-बार वोट चोरी का नारे लगाए जा रहे थे। जब कांग्रेस प्रदेश में हुए चुनावों में लोकसभा के चुनाव सहित स्थानीय स्तर के चुनाव में भी साफ हो गयी है। कांग्रेस की मति भ्रष्ट हो गई है। भाजपा कार्यकर्ता संयम और धैर्य के साथ इसका पूरे देश में कड़ा विरोध कर रहे हैं। देश की जनता का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। श्री सिंह ने कहा कि ऐसे प्रधानमंत्री के बारे में कांग्रेस जो अपशब्द कह रही है, बार-बार बोल रही है, उससे देश की जनता को कष्ट हो रहा है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर के कांग्रेस का विरोध कर रहे हैं।
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता कांग्रेस को हजम नहीं हो रही है। दुनिया भर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व क्षमता ने लोहा माना है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दुनिया के शीर्ष नेताओं में से है। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने मौजूद रहें।