BILASPURBlogCHHATTISGARHCRIMEHEALTHKABEERDHAMKORBAnewsRaigarhRajnandgaonSARANGARH-BILAIGARHsurajpurअंबिकापुरकांकेरखैरागढ़जगदलपुरदुर्गबलौदाबाजारबीजापुरमहासमुंदरायपुरसक्तीसरसिवासरिया बरमकेलासुकमा

*श्रद्धांजलि / रजनी ताई उपासने*



*रायपुर।* भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर की पूर्व प्रथम महिला विधायक के रूप में ख्यातिलब्ध रजनीताई उपासने के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। विदित रहे, बुधवार देर शाम अस्वस्थता के चलते अस्पताल में उपचार के दौरान रजनीताई का निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही भाजपा-परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने शोक संदेश में रजनीताई को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका निधन हम सबके लिए उनके आत्मीय व ममत्वपूर्ण स्नेह की शीतल छाँह की अपूरणीय क्षति है। आपातकाल के दौरान अपने तीन बेटों की मीसा में हुई गिरफ्तारी के बावजूद उन्होंने जिस धैर्य, साहस और मुखरता के साथ उन प्रतिकूल परिस्थितियों का मुकाबला किया, वह एक प्रेरणास्पद अध्याय है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणसिंह देव ने कहा कि रजनीताई के देहावसान का दुःखद समाचार हृदय को विदीर्ण करने वाला है। उन्होंने जिस मुखर व्यक्तित्व के साथ आपातकाल के दिनों और उसके बाद भी संगठन कौशल की मिसाल पेश की, वह भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करेगी। परमपिता परमेश्वर उनकी पावन आत्मा को चिरशांति व परिजनों को यह गहन दुःख सहने का धैर्य व सम्बल प्रदान करें।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने रजनीताई के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में रजनीताई को महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। अपने विधायक कार्यकाल में उन्होंने जिस विनम्रता और दृढ़ता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन कर जनता के दिलों में अमिट छाप छोड़ी, वह जनप्रतिनिधियों के लिए सीख है।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने रजनीताई के निधन को पार्टी की अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि रजनीताई ने संगठन को खड़ा करने के लिए जो संघर्ष किया और आपातकाल के दिनों में जो कष्ट उठाए, उनसे उनके व्यक्तित्व की दृढ़ता और संगठन के प्रति उनके समर्पण की झलक हम सबने अनुभव की है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी व डॉ. नवीन मार्कण्डेय सहित भाजपा व मोर्चा-प्रकोष्ठों के सभी पदाधिकारियों व कार्यकताओं ने उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
—————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest