बर्ड फ्लू का अलर्ट जारी: मुर्गा-मुर्गी खाने से करें परहेज, पशुधन विभाग की सख्ती

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 28 मार्च 2026 — न्यायधानी बिलासपुर के सरकण्डा क्षेत्र में बर्ड फ्लू फैलने और लगभग 5 हजार मुर्गियों की मौत के बाद जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उप संचालक पशुधन डॉ. महेंद्र पाण्डेय ने संक्रमण को रोकने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिले के बॉर्डर क्षेत्रों में मुर्गा-मुर्गियों के परिवहन पर रोक लगाते हुए नाकाबंदी की गई है। टिमरलगा, कनकबीरा, डोंगरीपाली और सलिहा जैसे सीमावर्ती इलाकों में पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संदिग्ध स्थिति मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह बीमारी पक्षियों के साथ-साथ मनुष्यों में भी फैल सकती है, इसलिए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। वन पक्षियों या ब्रायलर मुर्गियों की अचानक मृत्यु होने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करने की अपील की गई है।


