जनगणना 2027: डिजिटल सर्वे के लिए जिले में तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न

सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 26 मार्च 2026
भारत की आगामी जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को लेकर जिला स्तर पर महत्वपूर्ण पहल करते हुए 26 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण जिला पंचायत कार्यालय सारंगढ़ में आयोजित किया गया, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे, जिला जनगणना अधिकारी उमेश कुमार माहू, अतिरिक्त जनगणना अधिकारी संजय टोप्पो एवं जनगणना निदेशालय से नियुक्त नोडल अधिकारी शेष प्रसाद पंडा उपस्थित रहे और प्रशिक्षण की प्रगति का अवलोकन किया।
कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने बताया कि जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत 01 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। वहीं द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनेगी। जिले में लगभग 1500 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर सर्वे कार्य संपादित करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर भरत लाल देवांगन एवं भगवान प्रसाद बसंत ने फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की विस्तृत प्रक्रिया, डेटा संग्रहण की तकनीक एवं डिजिटल माध्यम के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 34 प्रश्नों के माध्यम से मकानों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी, जिसमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपलब्ध सुविधाएं जैसे टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन आदि शामिल होंगे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना से प्राप्त सभी आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रहेंगे और इनका उपयोग केवल शासकीय योजनाओं के निर्माण एवं बेहतर क्रियान्वयन के लिए किया जाएगा।
प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे, जिसके बाद निर्धारित समय में घर-घर सर्वे का कार्य शुरू किया जाएगा।


