टोकन नहीं कटने से आक्रोशित किसानों ने किया उग्र प्रदर्शन, रात में एसडीएम कार्यालय के सामने बैठे धरने पर
अंधेरे में गूंजे सरकार-मंत्रियों के खिलाफ नारे, हरकत में प्रशासन

सारंगढ़–बिलाईगढ़। धान खरीदी में टोकन नहीं कटने से आक्रोशित किसानों ने शुक्रवार रात के समय एसडीएम कार्यालय सारंगढ़ के सामने धरना शुरू कर दिया। देर रात तक चले इस विरोध प्रदर्शन में किसानों के साथ राकेश पटेल ब्लाक कांग्रेस कमेटी सारंगढ़ ग्रामीण शुभम बाजपेयी युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।अचानक हुए रात के धरने से प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि सभी दस्तावेज, पंजीयन रिकॉर्ड सही होने भौतिक सत्यापन होने के बावजूद धान की बिक्री के लिए टोकन जारी नहीं किया जा रहा, जिससे किसान भारी मानसिक और आर्थिक दबाव में हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
धरने के दौरान राज्य सरकार और जिम्मेदार मंत्रियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। रात के सन्नाटे में उठते नारों ने प्रशासन की नींद उड़ा दी।स्थिति बिगड़ते देख तहसीलदार और एस डी एम मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया, लेकिन लिखित आदेश या स्पष्ट समाधान न मिलने से किसानों में नाराजगी बनी रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र टोकन जारी नहीं किए गए तो जिला कांग्रेस द्वारा व्यापक चक्का जाम करने की चेतावनी दी गई । धान खरीदी के नाम पर जारी अव्यवस्था ने एक बार फिर सरकार की किसान नीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


