CHHATTISGARHnewsraipurSARANGARH-BILAIGARH

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय योग एवं ध्यान सत्र आयोजित

📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़–बिलाईगढ़। 23/9/2026

सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सारंगढ़ के खेलभाठा मैदान में जिला स्तरीय योग एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे, प्रशिक्षु पुलिस जवान और नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। इसमें ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, त्रिकोणासन, अर्धचक्रासन, कपालभाति और प्राणायाम सहित कई योग क्रियाएं शामिल रहीं।

योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में डिजिटल लिटरेसी और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों और नागरिकों से इन गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील की। साथ ही योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान में योग एवं ध्यान सत्र भी महत्वपूर्ण गतिविधि है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखकर नियमित जीवनशैली में शामिल करना जरूरी है।

आयुर्वेद दिवस पर काढ़ा वितरण

कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग की ओर से 11वां आयुर्वेद दिवस भी मनाया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. शेष बहादुर यादव के मार्गदर्शन में टीम ने उपस्थित लोगों को काढ़ा वितरित किया और योग एवं आयुर्वेद के महत्व की जानकारी दी।

 

साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने, संदिग्ध लिंक और संदेशों पर क्लिक नहीं करने तथा व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और प्रशिक्षु पुलिस जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest