राजा देवरी-सोनाखान मार्ग जर्जर, हादसों को दे रहा न्योता
📡36garhnewsupdate.com

सड़क और पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत की मांग, आंदोलन की चेतावनी
सारंगढ़। 30/9/2026
राजा देवरी से सोनाखान जाने वाला मार्ग इन दिनों जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बने पुल-पुलियों की हालत भी खराब हो चुकी है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की बदहाल स्थिति अब दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने सड़क की दुर्दशा पर चिंता जताते हुए शासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग स्वतंत्रता संग्राम के वीर नायक शहीद वीर नारायण सिंह की वीरभूमि और बाबा गुरु घासीदास की जन्मभूमि तक पहुंचने का महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके बावजूद सड़क और पुल-पुलियों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर राज्य सरकार आदिवासी हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी जननायक वीर नारायण सिंह की वीरभूमि तक जाने वाले मार्ग की अनदेखी की जा रही है।
युधिष्ठिर नायक ने शासन से मांग की है कि जर्जर पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सड़क का नवनिर्माण किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और नवनिर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।



