बिना लाइसेंस कीटनाशक बेचने पर कृषि विभाग की कार्रवाई, भंडारित सामग्री जब्त
📡36garhnewsupdate.com


सारंगढ़–बिलाईगढ़, 20 सितंबर 2026
किसानों को गुणवत्तायुक्त और मानक स्तर के कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा अनधिकृत रूप से कीटनाशकों के विक्रय पर नियंत्रण के लिए कृषि विभाग द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण और जांच की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश एवं उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने विकासखंड बिलाईगढ़ के विभिन्न कीटनाशक विक्रय संस्थानों का निरीक्षण किया। इसी दौरान ग्राम बेंगपाली में बिना वैध अनुज्ञप्ति के कीटनाशक विक्रय किए जाने की जानकारी सामने आई।
सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां देवेन्द्र साहू को बिना वैध लाइसेंस के कीटनाशकों का विक्रय करते पाया गया। विभागीय टीम ने मौके पर भंडारित कीटनाशकों की नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की। जब्त सामग्री को संबंधित व्यक्ति के सुपुर्द किया गया।
जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया नमूना
कृषि विभाग की टीम ने कीटनाशकों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूना भी लिया है। नमूने को परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदारी की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे कीटनाशक एवं अन्य कृषि आदान केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। खरीदारी के समय सामग्री का बिल लेना भी सुनिश्चित करें।
विभाग के अनुसार जिले में कृषि आदानों की गुणवत्ता और विक्रय व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं मानक स्तर की कृषि सामग्री उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान जिला निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, कृषि विकास अधिकारी उमेंद्र साहू, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी दीनानाथ साहू, मायाराम जोल्हे तथा ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर प्रकाश कुमार थवाईत उपस्थित रहे।


